Bhopal Health News: हमीदिया के नए भवन में 12 सितंबर से शुरू होगी सुल्तानिया अस्पताल की शिफ्टिंग, नए भवन में दो ओटी तैयार
पुराने मरीजों की सुल्तानिया अस्पताल से ही की जाएगी छुट्टी, नए मरीज हमीदिया में होंगे भर्ती।
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Wed, 31 Aug 2022 07:28:19 AM (IST)
Updated Date: Wed, 31 Aug 2022 07:28:19 AM (IST)

भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। हमीदिया अस्पताल के नये भवन में सुल्तानिया महिला अस्पताल की शिफ्टिंग की तारीख आखिरकार तय हो गई है। 12 सितंबर से सुल्तानिया अस्पताल की हमीदिया अस्पताल के नए भवन में शिफ्टिंग शुरू होगी। सुल्तानिया अस्पताल से मरीजों को हमीदिया में शिफ्ट करने के लिए मरीजों को नहीं लाया जाएगा। सुल्तानिया में भर्ती मरीजों की वहीं से छुट्टी कर दी जाएगी। उधर, नए मरीजों की भर्ती हमीदिया अस्पताल के नए भवन में शुरू की जाएगी।
सुल्तानिया की हमीदिया मेंशिफ्टिंग में देरी के पीछे बड़ी दिक्कत यह है कि हमीदिया के नए भवन में फाल्स सीलिंग की मरम्मत का कार्य चल रहा है। चिकित्सकों को चिंता है कि मरीजों को भर्ती करने के बाद फाल्स सीलिंग गिरने की घटना हुई, तो बड़ी दिक्कत हो जाएगी। ऐसे में अब 10 सितंबर के बाद अस्पताल को शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया है। सोमवार को हुई कालेज की कार्यकारिणी समिति की बैठक में भी इस पर चर्चा की गई थी।
हमीदिया अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि सुल्तानिया अस्पताल में भर्ती मरीजों को हमीदिया नहीं लाया जाएगा। नए मरीजों को हमीदिया अस्पताल के नए भवन के ब्लाक-बी में भर्ती किया जाएगा, जबकि पुराने मरीजों की सुल्तानिया अस्पताल से ही छुट्टी कर दी जाएगी। जैसे-जैसे सुल्तानिया अस्पताल में मरीज कम होते जाएंगे, वहां का सामान हमीदिया में शिफ्ट किया जाएगा। पूरी तरह से सुल्तानिया अस्पताल को शिफ्ट करने में करीब 15 दिन लग जाएंगे। यानी सितंबर के अंत तक सुल्तानिया अस्पताल हमीदिया परिसर में आ जाएगा।
मरम्मत के दौरान फिर गिरी फाल्स सीलिंग, नहीं हुई किसी पर कार्रवाई
करीब 15 दिन पहले हमीदिया अस्पताल के नए भवन के ब्लाक-बी की दूसरी मंजिल में फाल्स सीलिंग गिरने के बाद चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने निर्माण एजेंसी पीआइयू के आला अधिकारियों को मामले की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई करने को कहा था, लेकिन अभी तक कुछ नहीं हुआ है। नमी की वजह से जिप्सम से बनी फाल्स सीलिग में स्क्रू लगी जगह के टूटने से सीलिंग के गिरने का खतरा है। मंगलवार को भी यहां मरम्मत के दौरान फाल्स सीलिंग गिर गई। इस कारण हमीदिया अस्पताल प्रबंधन पूरी मरम्मत के बाद ही सुल्तानिया को शिफ्ट करेगा।
300 बिस्तर होंगे
सुल्तानिया अस्पताल में अभी स्त्री एवं प्रसूति रोग के इलाज के लिए आने वाली महिलाओं के लिए 285 बिस्तर हैं। नए भवन में आने के बाद 300 बिस्तर हो जाएंगे। पांचची, छठवीं और सातवीं मंजिल में 60-60 बिस्तर हैं। इसके अलावा दूसरी मंजिला पर 50 बिस्तर हैं। भूतल पर कुछ बिस्तर और आइसीयू मिलाकर 300 बिस्तर होंगे।
हमारी पूरी तैयारी है, लेकिन फाल्स सीलिंग जब तक पूरी तरह दुरुस्त नहीं हो अस्पताल शुरू नहीं कर सकते। दो ओटी तैयार हो गए हैं। यहां पर मरीजों के लिए 300 बिस्तर होंगे।
- विश्वास सारंग, मंत्री, चिकित्सा शिक्षा